जाति-धर्म आधारित भेदभाव की स्थिति जानने जिला कारागृह का निरीक्षण
#hanumangarh हनुमानगढ़। माननीय उच्चतम न्यायालय की रिट याचिका ‘सुकन्या शांता बनाम भारत संघ’ में पारित निर्णय की पालना में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला स्तरीय बोर्ड के सदस्यों ने जिला कारागृह हनुमानगढ़ का निरीक्षण किया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला एवं सेशन न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष तनवीर चौधरी, सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया, जिला कलेक्टर खुशाल यादव तथा जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने जेल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों से जेल में मिलने वाली सुविधाओं के साथ-साथ जाति, धर्म एवं सामाजिक स्तर के आधार पर किसी प्रकार के भेदभाव के संबंध में बातचीत की। बंदियों ने किसी तरह की समस्या नहीं होने की बात कही और बताया कि सभी बंदियों को समान सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। अधिकारियों ने जेल की बैरकों का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, स्वच्छता, चिकित्सा एवं भोजन व्यवस्था का भी जायजा लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष तनवीर चौधरी ने जेल अधीक्षक को बैरकों एवं उनमें बने टॉयलेट की नियमित साफ-सफाई करवाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, उपनिदेशक समाज कल्याण विभाग विक्रम सिंह, संयुक्त निदेशक कृषि यशवंती, सहायक अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग सुशीला, एलएडीसी अधिवक्तागण, अधिकार मित्र सहित जिला स्तरीय बोर्ड के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
#BreakingNews #BhajanlalSharma #LatestNews #BJPGovernment