देकुली धाम में चला वृहद स्वच्छता अभियान,गांधी जयंती पर पदाधिकारियों व स्वच्छता कर्मियों ने दिया स्वच्छता का संदेश, ग्रामीणों और दुकानदारों से कचरा नहीं फैलाने की अपील,
शिवहर। स्वच्छ भारत दिवस-2026 एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर पिपराही प्रखंड के परसौनी बैज पंचायत स्थित देकुली धाम परिसर एवं मुख्य सड़क पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला पदाधिकारी श्रीमती प्रतिभा रानी ने किया। इस दौरान डीएम समेत जिले के वरीय पदाधिकारियों, प्रखंड स्तरीय अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों एवं अन्य कर्मियों ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान के तहत देकुली धाम मंदिर परिसर, आसपास के सार्वजनिक स्थलों और मुख्य सड़क की व्यापक साफ-सफाई की गई। बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मियों ने अभियान में भाग लेकर कचरे का उठाव किया और परिसर को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया। अधिकारियों ने भी श्रमदान करते हुए लोगों को यह संदेश दिया कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीआरडीए निदेशक, निदेशक एनईपी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक साइबर, जिला परिवहन पदाधिकारी, सहायक परियोजना पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, पिपराही एवं डुमरी कटसरी के बीडीओ, सिटी मैनेजर, प्रखंड समन्वयक स्वच्छता, स्वच्छता पर्यवेक्षक सहित बड़ी संख्या में कर्मी मौजूद रहे।
डीएम प्रतिभा रानी ने ग्रामीणों, दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि स्वच्छता को किसी एक दिवस या अभियान तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। इसे प्रत्येक व्यक्ति की दैनिक आदत और जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपने घरों के साथ-साथ गली, सड़क, धार्मिक स्थल और अन्य सार्वजनिक परिसरों को भी स्वच्छ रखने की अपील की।
उन्होंने दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठानों के सामने और आसपास नियमित साफ-सफाई रखने तथा दुकानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित स्थान पर ही रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक प्रयासों के साथ जब आम लोगों की भागीदारी जुड़ती है, तभी स्वच्छता अभियान को स्थायी रूप से सफल बनाया जा सकता है।
अभियान के दौरान लोगों को ठोस एवं तरल अपशिष्ट के उचित प्रबंधन, प्लास्टिक सहित अन्य कचरे को खुले में नहीं फेंकने और सार्वजनिक स्थलों को गंदा नहीं करने के प्रति भी जागरूक किया गया। स्थानीय लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन ने स्वच्छता के साथ व्यवहारगत परिवर्तन और जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया। देकुली धाम जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थल पर अभियान आयोजित कर प्रशासन ने धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया।
जिला प्रशासन ने जिलावासियों से अपील की कि स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि नियमित व्यवहार का हिस्सा बनाएं। अपने घर, दुकान, गली, सड़क और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखें तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें।
“स्वच्छ शिवहर—स्वस्थ शिवहर” और “स्वच्छता अपनाएं, शिवहर को सुंदर बनाएं” का संदेश अभियान के दौरान दिया गया।