प्रेस विज्ञप्ति
जयप्रकाश विश्वविद्यालय (छपरा): सत्र 2023-27 के छात्रों की अंकपत्र (मार्कशीट) समस्या को लेकर आइसा का प्रदर्शन, अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जताया आक्रोश
छपरा।
जयप्रकाश विश्वविद्यालय (JPU) में शैक्षणिक अव्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही चरम पर पहुंच चुकी है। सत्र 2023-27 (चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम) के छात्र-छात्राएं लंबे समय से अपनी मार्कशीट न मिलने और रिजल्ट की त्रुटियों के कारण अधर में लटके हुए हैं। इसी मुद्दे को लेकर छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के प्रतिनिधिमंडल ने जब विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों की आवाज बुलंद की, तो वहां की प्रशासनिक संवेदनहीनता खुलकर सामने आ गई।
जब आइसा के प्रतिनिधि छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए कुलपति (VC), कुलसचिव (Registrar) और परीक्षा नियंत्रक (Exam Controller) के कार्यालय पहुंचे, तो तीनों ही प्रमुख अधिकारी अपने कार्यालय से गायब मिले।
छात्र नेताओं ने कड़ा विरोध व्यक्त करते हुए कहा कि एक तरफ सत्र 2023-27 के छात्रों को अभी तक मूल अंकपत्र (Marksheet) हस्तगत नहीं कराया गया है, जिससे छात्र अगली कक्षाओं और अन्य फॉर्म भरने में गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। दूसरी तरफ, जब छात्र और संगठन उनकी वाजिब मांगों को लेकर प्रशासनिक भवन पहुंचते हैं, तो जिम्मेवार अधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं रहते।
आइसा की मुख्य मांगें:
सत्र 2023-27 का अंकपत्र शीघ्र जारी हो: जिन विद्यार्थियों को अब तक मार्कशीट नहीं प्राप्त हुई है, उन्हें अविलंब अंकपत्र उपलब्ध कराया जाए।
परिणामों की त्रुटियों में सुधार: रिजल्ट में आ रही तकनीकी और लिपिकीय गड़बड़ियों को विश्वविद्यालय अपने स्तर पर जल्द ठीक करे।
अधिकारियों की उपस्थिति एवं जवाबदेही तय हो: दूर-दराज से आने वाले छात्रों को भटकना न पड़े, इसके लिए अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
आइसा के छात्र नेताओंकुणाल कौशिक विकाश अनीश प्रिंस रानी रिया राजलक्ष्मी सोनू अखिलेश सितारा राजतारा ने चेतावनी दी है कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने जल्द से जल्द सत्र 2023-27 के छात्रों की मार्कशीट समस्या का समाधान नहीं किया और अधिकारियों के रवैये में सुधार नहीं आया, तो संगठन आने वाले दिनों में विश्वविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन तालाबंदी और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
Panapur, Saran | Sep 21, 2026