देवरिया में Blinkit स्टोर पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कुट्टू आटा समेत 4 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
नवरात्र में खाद्य पदार्थों की शुद्धता जांचने उतरी टीम, कमियां मिलने पर जारी होगा सुधार नोटिस
देवरिया, 15 अक्टूबर। नवरात्र और दशहरा पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने देवरिया नगर पालिका क्षेत्र के चकियवां स्थित ब्लिंकिट के रिटेल स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान संदेह के आधार पर चार खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश और जिलाधिकारी देवरिया के आदेश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-II हितेंद्र मोहन त्रिपाठी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। टीम ने स्टोर से कुट्टू आटा, सिंघाड़ा आटा, साबूदाना और सेंधा नमक के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्टोर में मिली कमियों पर सुधार नोटिस
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में पाई गई कमियों के आधार पर सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य पर्व के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
फल पकाने वाले आठ प्रतिष्ठानों की भी जांच
नवरात्र को देखते हुए विभाग केले और अन्य फलों को पकाने वाले प्रतिष्ठानों पर भी लगातार निरीक्षण एवं छापेमारी कर रहा है। अब तक ऐसे आठ प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा चुका है। विभाग के अनुसार, जांच के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान में प्रतिबंधित रसायन का प्रयोग होता नहीं पाया गया। हालांकि, कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और लाइसेंस से संबंधित कमियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी किए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता बनाए रखने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा।