पंचकूला पुलिस ने 48 घंटे में 4 मामलों में 5 ड्रग तस्कर दबोचे, कुल 183 ग्राम हेरोइन व 1.118 किलो चरस बरामद, कीमत करीब 40 लाख रुपये
पकड़े गए ड्रग तस्करों में हिमाचल प्रदेश व पंजाब के अंतर्राज्यीय तस्कर भी शामिल, 3 आरोपी पुलिस रिमांड पर, 2 को न्यायिक हिरासत भेजा
पंचकूला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के सख्त निर्देशों के तहत पुलिस की विभिन्न टीमें फील्ड में सक्रिय होकर नशा तस्करों की धरपकड़ कर रही हैं। इसी कड़ी में 48 घंटे के दौरान विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 4 मामलों में 5 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में 4 हेरोइन तस्कर और 1 चरस तस्कर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 183 ग्राम हेरोइन और 1 किलो 118 ग्राम चरस बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों में अंतर्राज्यीय स्तर पर नशे की सप्लाई करने वाले आरोपी भी शामिल है। इनमें से 3 आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं, जबकि 2 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार इन मामलों में एंटी नारकोटिक्स सेल द्वारा 3 मामलों में 3 नशा तस्करों, जबकि क्राइम ब्रांच-1 द्वारा 1 मामले में 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पहला मामला 7 अगस्त को थाना चंडीमंदिर में दर्ज किया गया था। क्राइम ब्रांच-1 प्रभारी मनोज की अगुवाई में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पंचकूला-यमुनानगर हाईवे पर गांव सुल्तानपुर के पास नाकाबंदी कर आरोपी रवि कुमार निवासी मौली, पंचकूला को काबू किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 59 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी को 8 अगस्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले में दूसरे आरोपी सुनील कुमार उर्फ सेठी निवासी बरवाला, पंचकूला को भी गिरफ्तार किया। आरोपी को 8 अगस्त को अदालत में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। रिमांड पूरा होने के बाद आरोपी को आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
दूसरा मामला भी थाना चंडीमंदिर में दर्ज किया गया था। एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी सौरव रावत की अगुवाई में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 8 अगस्त को सेक्टर-28, पंचकूला में कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय सिंह उर्फ गीजर निवासी राजीव कॉलोनी, पंचकूला को काबू किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 24 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी को 9 अगस्त को अदालत में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया, जिसके दौरान आरोपी से नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
तीसरा मामला 9 सितंबर को थाना सेक्टर-20 पंचकूला में दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आशियाना, सेक्टर-20, पंचकूला के पास आरोपी गौरवदीप कुमार निवासी तरनतारन, पंजाब को काबू किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी को आज अदालत में पेश कर 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस आरोपी से नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
चौथा मामला 9 सितंबर को थाना पिंजौर में दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुखोमाजरी, पिंजौर के पास भूपेंद्र ठाकुर निवासी शिमला, हिमाचल प्रदेश को काबू किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1 किलो 118 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी को अदालत में पेश कर 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस आरोपी से नशे की तस्करी और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पुलिस टीमों को फील्ड में सक्रिय रहकर नशा तस्करों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा बाहर से पंचकूला में नशे की सप्लाई करने वाले तस्करों के खिलाफ विशेष कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को इस दिशा में लगातार सफलता मिल रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा शिक्षण संस्थानों में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता अभियानों को और गति दी जाएगी। इस अभियान में आमजन का सहयोग भी बेहद जरूरी है। यदि किसी व्यक्ति को कहीं भी नशे की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलती है, तो वह पंचकूला पुलिस द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 7087081100 और 7087081048 पर सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia
Panchkula, Panchkula | Sep 11, 2026