Âऔद्योगिक इकाई या कार्यस्थल पर मानवीय जीवन की सुरक्षा होनी चाहिए सर्वोपरि : सचिव प्रदीप कुमार
भिवानी, 17 अक्तूबर : भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की जिला शाखा द्वारा औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कामगारों और सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गांव बलियाली स्थित गौतम सोलर प्राइवेट लिमिटेड के परिसर में आयोजित प्राथमिक सहायता एवं सीपीआर प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस शिविर के दौरान कुल 78 कर्मचारियों, जिनमें सिक्योरिटी गार्ड्स और हेल्पर्स शामिल हैं, को आपातकालीन फर्स्ट एड एवं जीवन रक्षक सीपीआर तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
यह प्रशिक्षण शिविर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी हरियाणा राज्य शाखा चंडीगढ़ के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी एवं महासचिव डा. सुनील कुमार के निर्देशों तथा भिवानी के उपायुक्त एवं रेडक्रॉस अध्यक्ष साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर का सफल संचालन जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव प्रदीप कुमार के नेतृत्व में हुआ। शिविर के दौरान जिला प्रशिक्षण अधिकारी विकास कुमार ने उपस्थित कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों से सजग रहकर निपटने के कई व्यावहारिक तरीके सिखाए। उन्होंने कार्यस्थल पर अचानक होने वाली दुर्घटनाओं, चोट लगने, बेहोश होने, केमिकल रिसाव, जलने अथवा दिल का दौरा पडऩे जैसी गंभीर स्थितियों में तुरंत दी जाने वाली प्राथमिक चिकित्सा और सीपीआर तकनीक का गहन व व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया, ताकि किसी भी संकट के समय तुरंत जीवन रक्षा की जा सके।
इस मौके पर जिला रैडक्रॉस सोसायटी के सचिव प्रदीप कुमार ने कहा कि किसी भी औद्योगिक इकाई या कार्यस्थल पर मानवीय जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि और प्राथमिक होनी चाहिए। हादसों को रोक पाना हमेशा हमारे हाथ में नहीं होता, लेकिन सही समय पर सही प्राथमिक उपचार देकर किसी की जान बचाना निश्चित रूप से हमारे हाथ में है। इसी सोच के साथ भिवानी जिले की प्रत्येक औद्योगिक इकाई के लिए यह अनिवार्य किया गया है कि वह अपने कुल कार्यबल के कम से कम 30 प्रतिशत कर्मचारियों को प्राथमिक चिकित्सा की बुनियादी ट्रेनिंग अवश्य दिलवाए। इसके साथ ही, संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात 100 प्रतिशत सुरक्षा गार्डों को प्राथमिक उपचार और सीपीआर तकनीक का पूर्ण ज्ञान होना अनिवार्य है। उन्होंने इस प्रशिक्षण शिविर को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी 78 प्रशिक्षुओं को हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से अधिकृत प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
सचिव प्रदीप कुमार ने बताया कि जिला भिवानी की अन्य औद्योगिक इकाइयां भी अपने कर्मचारियों के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर आयोजित करवा सकती हैं। इसके लिए हरियाणारैडक्रॉस डॉट सीओ डॉट इन पर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। इसके अलावा प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी के लिए 8950504748 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर गौतम सोलर प्राइवेट लिमिटेड के एचआर विभाग से विश्वजीत और एडमिनिस्ट्रेटिव विभाग से प्रताप सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। संस्थान के प्रबंधन ने रेडक्रॉस सोसायटी की इस पहल की सराहना की और इसे कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए एक अत्यंत सराहनीय व उपयोगी कदम बताया।
Bhiwani, Bhiwani | Oct 17, 2026