गर्रा नदी के जलस्तर में वृद्धि के दृष्टिगत आम जनमानस हेतु सतर्कता निर्देश
शारदा नहर खण्ड (सिंचाई विभाग) द्वारा प्राप्त सूचना के अनुसार, जनपद पीलीभीत स्थित दियूनी बैराज से गर्रा नदी में 21,560 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यह पानी अगले 3 से 4 दिनों में शाहजहाँपुर शहर क्षेत्र में पहुँचेगा, जिससे अजीजगंज पुल पर गर्रा नदी का जलस्तर वर्तमान (145.55 मीटर) से लगभग 2 मीटर बढ़ने की संभावना है।
बाढ़ अथवा जलभराव की स्थिति से बचाव एवं सुरक्षा के दृष्टिगत नदी के तटीय व डूब क्षेत्र में रहने वाले सभी नागरिकों से निम्न सावधानियाँ बरतने की अपील की जाती है:
नदी किनारे न जाएँ: नदी के बहाव क्षेत्र, किनारों, घाटों अथवा अजीजगंज पुल के निचले हिस्सों में स्नान, पशुओं को नहलाने अथवा घूमने के उद्देश्य से बिल्कुल न जाएँ।
बच्चों व मवेशियों की सुरक्षा: बच्चों को नदी व जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें तथा मवेशियों को सुरक्षित व ऊँचे स्थानों पर बाँधने की व्यवस्था करें।
जरूरी सामान सुरक्षित रखें: डूब क्षेत्र में स्थित घरों के निवासी अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज, राशन, दवाइयाँ व कीमती सामान सुरक्षित व ऊँचे स्थानों पर रख लें।
अफवाहों से बचें: किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर अथवा अफवाह पर ध्यान न दें। केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
प्रशासनिक निर्देशों का पालन: यदि जलस्तर में अधिक वृद्धि होती है, तो प्रशासन द्वारा दिए गए स्थानांतरण एवं सुरक्षा निर्देशों का तत्परता से पालन करें।
आपातकालीन हेल्पलाइन: किसी भी आपात स्थिति, जलभराव या सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के निम्नलिखित नंबरों पर तत्काल संपर्क करें:
📞 05842-462754, 05842-351037, 05842-35108
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Sep 1, 2026