भारत भूषण जुयाल बने सहकारी बैंकों की राष्ट्रीय संस्था NAFSCOB के चेयरमैन
- निर्विरोध निर्वाचन से हरियाणा का राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा गौरव, गुजरात के अजय भाई पटेल चुने गए वाइस चेयरमैन
सिरसा।
हरियाणा राज्य सहकारी अपेक्स बैंक (हरको बैंक) के चेयरमैन एवं भारतीय जनता पार्टी के सिरसा जिला प्रभारी भारत भूषण जुयाल को सहकारी बैंकिंग क्षेत्र की राष्ट्रीय संस्था NAFSCOB (National Federation of State Cooperative Banks Ltd.) का राष्ट्रीय चेयरमैन सर्वसम्मति से निर्वाचित किया गया है। मुंबई में आयोजित चुनावी प्रक्रिया के दौरान उनका निर्विरोध निर्वाचन हुआ। इस उपलब्धि से हरियाणा के सहकारिता क्षेत्र में खुशी की लहर है और प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है।
भारत भूषण जुयाल ने अपने दो दिवसीय मुंबई प्रवास के दौरान राष्ट्रीय संस्था NAFSCOB की चुनावी प्रक्रिया में भाग लिया। चुनाव प्रक्रिया के प्रथम चरण में उन्हें निर्विरोध निदेशक चुना गया। इसके बाद संगठन के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार उन्होंने चेयरमैन पद के लिए चुनाव लड़ा, जिसमें ठाणे के जिला कलेक्टर एवं चुनाव अधिकारी ने उन्हें निर्विरोध विजयी घोषित किया। वहीं गुजरात राज्य सहकारी बैंक के चेयरमैन अजय भाई पटेल को वाइस चेयरमैन चुना गया।
इस महत्वपूर्ण चुनावी प्रक्रिया में देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के सहकारी बैंकों के चेयरमैनों ने भाग लिया। इनमें हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, केरल, मेघालय, गोवा तथा अंडमान-निकोबार के प्रतिनिधि शामिल रहे। देशभर के सहकारी बैंकिंग क्षेत्र के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न हुई इस प्रक्रिया में भारत भूषण जुयाल का निर्विरोध चुना जाना उनके प्रति राष्ट्रीय स्तर पर व्यक्त किए गए विश्वास और समर्थन को दर्शाता है।
राष्ट्रीय चेयरमैन चुने जाने के बाद भारत भूषण जुयाल ने इस उपलब्धि का श्रेय पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और संगठन के मार्गदर्शन को देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा भाजपा हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन सभी नेताओं के आशीर्वाद, मार्गदर्शन और सहयोग से उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिला है।
उन्होंने हरियाणा प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों और शुभचिंतकों को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उनका कहना है कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा प्रदेश और सहकारिता क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है।
सहकारिता क्षेत्र में हरियाणा की मजबूत भागीदारी
भारत भूषण जुयाल के राष्ट्रीय चेयरमैन निर्वाचित होने से सहकारी बैंकिंग क्षेत्र में हरियाणा की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होने की उम्मीद है। NAFSCOB जैसी राष्ट्रीय संस्था के शीर्ष पद पर हरियाणा के प्रतिनिधि की नियुक्ति प्रदेश के सहकारी बैंकिंग तंत्र के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
---
राष्ट्रीय चेयरमैन बनने के बाद 18 को सिरसा पहुंचेंगे भारत भूषण जुयाल
सिरसा। NAFSCOB के राष्ट्रीय चेयरमैन निर्वाचित होने के बाद भारत भूषण जुयाल कल 18 नवंबर को बाद दोपहर सिरसा पहुंचेंगे। उनके सिरसा आगमन पर समर्थकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहने की संभावना है। सिरसा पहुंचने के बाद वे पत्रकारों से रूबरू होकर अपने मुंबई प्रवास, चुनावी प्रक्रिया और राष्ट्रीय चेयरमैन के रूप में मिली नई जिम्मेदारी को लेकर बातचीत करेंगे।
इसके साथ ही वे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रस्तावित सिरसा दौरे को लेकर संगठनात्मक बैठक भी लेंगे। बैठक में दौरे की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद भारत भूषण जुयाल का यह पहला सिरसा प्रवास राजनीतिक एवं संगठनात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Sirsa, Sirsa | Nov 17, 2026