गृह विभाग की समीक्षा बैठक: जनशिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए प्रभावी ट्रैकिंग सिस्टम विकसित करने का निर्देश
पटना। गृह विभाग के कार्यों, विभिन्न प्रशाखाओं एवं निदेशालयों की कार्यप्रणाली की समीक्षा को लेकर प्रधान सचिव श्री पंकज कुमार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक के दौरान गृह विभाग के विशेष सचिव श्री अनिल कुमार चौधरी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभाग की विभिन्न प्रशाखाओं एवं निदेशालयों के कार्यों तथा दायित्वों का ब्योरा प्रस्तुत किया।
अधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रधान सचिव श्री पंकज कुमार ने स्पष्ट किया कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने जनशिकायतों और आम नागरिकों द्वारा दिए गए आवेदनों के समयबद्ध एवं पूर्ण निष्पादन को सुनिश्चित करने के लिए एक मजबूत ट्रैकिंग सिस्टम विकसित करने का निर्देश दिया।
प्रधान सचिव ने कहा कि प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की नियमित निगरानी की जानी चाहिए और प्रत्येक आवेदन की स्थिति को ट्रैक करने की पारदर्शी व्यवस्था बने, ताकि लंबित मामलों की त्वरित पहचान कर उनका निपटारा किया जा सके और आम जनता को जवाबदेह प्रशासनिक सेवा मिल सके।
इस समीक्षा बैठक में गृह विभाग के विशेष सचिव श्री क्षत्रनील सिंह, अपर सचिव श्री कुंदन कुमार, संयुक्त सचिव श्री कमल नयन, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री आदित्य कुमार झा सहित विभाग के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।