*छठ पर्व को लेकर अमहट घाट पर प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त और डीआईजी ने किया निरीक्षण*
*जनपद बस्ती, 15 नवंबर 2026*
छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को प्रशासन के बड़े अधिकारियों ने अमहट घाट सहित नगर बाजार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव, पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने घाट पर पहुंचकर छठ पूजा की तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बैरिकेडिंग, आवागमन एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को देखा और संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। घाटों पर साफ-सफाई एवं पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित रखी जाए। जल में उतरने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक प्रबंध पूरी तरह दुरुस्त रखे जाएं। सभी विभाग आपसी समन्वय से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। घाटों एवं नगर क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहे तथा भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों पर स्वच्छता, प्रकाश, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित टीमें अलर्ट रहें। वहीं पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि छठ पूजा आस्था एवं लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इसे शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, सहायक पुलिस अधीक्षक / क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री मानसी दहिया, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, उमाकान्त तिवारी, राजेश यादव, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
*संवाददाता - हरी ओम प्रकाश*
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Nov 15, 2026