बरेली पुलिस का मिशन शक्ति अभियान: गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं और बेटियों को किया जा रहा जागरूक
थाने के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं, महिला बीट अधिकारी गांवों में पहुंचकर सुन रहीं समस्याएं; हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
बरेली। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से बरेली पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में महिला बीट पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर रहे हैं।
अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मी ग्राम चौपालों और गांवों में नियमित अंतराल पर पहुंचकर महिलाओं की समस्याएं सुन रही हैं। पीड़ित महिलाओं की काउंसलिंग कराकर उनकी शिकायतों का गुण-दोष के आधार पर निस्तारण कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे महिलाओं और बालिकाओं को अपनी शिकायत लेकर बार-बार थाने, पुलिस चौकी या अन्य पुलिस कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
महिला बीट अधिकारियों द्वारा महिलाओं को सुरक्षा एवं बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ ही शासन द्वारा जारी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।
इन हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
1. 112 – पुलिस आपातकालीन सेवा
2. 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
3. 1090 – वीमेन पावर हेल्पलाइन
4. 1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
5. 102 – स्वास्थ्य एवं एंबुलेंस सेवा
6. 108 – एंबुलेंस सेवा
7. 1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
सरकारी योजनाओं के बारे में भी किया जागरूक
महिलाओं को मुख्यमंत्री सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट सखी, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और राष्ट्रीय पोषण मिशन सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
बरेली पुलिस का यह अभियान महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने, उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान कराने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
सौजन्य: बरेली पुलिस#BareillyPolice #MissionShakti6 #मिशनशक्ति #महिलासशक्तिकरण #महिलासुरक्षा #नारीसम्मान #BareillyNews #बरेलीन्यूज #BareillyNewsLive
Bareilly, Bareilly | Nov 9, 2026