बरबीघा में अतिक्रमण पर प्रशासन द्वारा सड़क किनारे से हटाए गए फल-सब्जी विक्रेता और ठेले, वसूला गया जुर्माना।
आज दिनांक 15 जुलाई 2026 को
शेखपुरा जिला अंतर्गत बरबीघा नगर परिषद क्षेत्र में जिला प्रशासन शेखपुरा ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ लगातार बड़ी कार्रवाई की है। जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद के कड़े निर्देशानुसार, अनुमंडल पदाधिकारी महोदया के नेतृत्व में बरबीघा मुख्य सड़क और बाजारों में सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने वाले फल विक्रेताओं, सब्जी विक्रेताओं, गुमटियों, ठेलों और खड़े होने वाले टोटो (ई-रिक्शा) को हटाया गया। प्रशासनिक टीम ने केवल दुकानों को ही नहीं हटाया, बल्कि सड़क और नालियों के ऊपर अवैध रूप से बढ़ाए गए पक्के निर्माण, लोहे व लकड़ी की सीढ़ियों और टीन के करकट (शेड) को भी पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। यातायात को सुगम बनाने और राहगीरों की परेशानी को दूर करने के लिए प्रशासन ने ऑन-द-स्पॉट जुर्माना (पैनल्टी) भी वसूला। और लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया, तो कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ सामान भी जब्त कर लिया जाएगा। सुश्री प्रियंका कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी महोदया द्वारा बताया गया कि "सड़कें आम जनता के चलने के लिए हैं, न कि व्यापार सजाने के लिए। शहर की सूरत बिगाड़ने और ट्रैफिक जाम का कारण बनने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।"
इस बड़े अभियान को शांतिपूर्ण और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात थे। इस अवसर पर मुख्य रूप से निम्नलिखित अधिकारी मौजूद रहे जिनमें नगर कार्यपालक पदाधिकारी, बरबीघा नगर परिषद, थानाध्यक्ष, बरबीघा थाना
नगर परिषद के अन्य अधिकारी एवं सक्रिय कर्मी आदि उपस्थित थें।
प्रशासन की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई के बाद सड़कों पर आवागमन काफी हद तक सुगम हो गया है।