मुरैना में दिनदहाड़े बाइक चोरी, CCTV में कैद हुए बदमाश
मुरैना के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक चोरी की वारदात सामने आई है। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे से 3:30 बजे के बीच अज्ञात बदमाश मनोज शर्मा की हीरो स्प्लेंडर बाइक (क्रमांक MP 06 ZM 2655) चोरी कर ले गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, बदमाश बिना नंबर की टीवीएस अपाचे बाइक से मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने पहले इलाके की रेकी की और मौका मिलते ही स्प्लेंडर बाइक चोरी कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
स्टेशन रोड थाना प्रभारी संजय बरैया ने बताया कि पीड़ित मनोज शर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। चोरी हुई बाइक और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।