#बालाघाट
बाल विवाह रोकथाम के लिए स्कूलों में जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित
विद्यार्थियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की दी जानकारी
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा बाल विवाह की रोकथाम एवं जनजागरूकता के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शासकीय आईटीआई बालाघाट, विवेक ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैहर तथा एकीकृत शासकीय हाई स्कूल टंटा टोला, परसवाड़ा में जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
कार्यशालाओं में विद्यार्थियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी दी गई। बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिका एवं 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है और यह कानूनन अपराध है। विद्यार्थियों को जानकारी दी गई कि बाल विवाह करने पर दो वर्ष तक के कठोर कारावास अथवा एक लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों से दंडित किए जाने का प्रावधान है। इसके अलावा बाल विवाह संपन्न कराने, उसे बढ़ावा देने, अनुमति देने अथवा रोकने में लापरवाही बरतने वाले संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
कार्यशालाओं के अंत में विद्यार्थियों को बाल विवाह की संभावित घटनाओं की सूचना प्रशासन एवं बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही इस सामाजिक कुरीति के उन्मूलन में सक्रिय भागीदारी निभाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mp_wcdmp
Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 18, 2026