*पंचकूला पुलिस ने पकड़ा शातिर वाहन चोर*
*रेलवे लाइन से लेकर घग्गर नदी के किनारे सुनसान झाड़ियों में छिपाई 12 मोटरसाइकिल ओर 1,स्कूटी बरामद*
पंचकूला/कमल कलसी
वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के मामलों में पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन द्वारा हाल ही में आयोजित क्राइम मीटिंग में पुलिस टीमों को वाहन चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा चोरी किए गए वाहनों की बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। जिसके तहत एसीपी क्राइम अमन कुमार के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच-2 पंचकूला की टीम ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर कुल 13 दोपहिया वाहन, जिनमें 12 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी शामिल है, बरामद किए हैं।
क्राइम ब्रांच-2 इंचार्ज प्रवीण मलिक के अनुसार, 24 सितंबर को सेक्टर-19 निवासी व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को 23 सितंबर 2026 को उसके मकान के नीचे खड़ा किया गया था, जहां से अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल चोरी करके ले गया।
शिकायत के आधार पर सेक्टर 20 थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर फेस-1,सेक्टर-19 से आरोपी कर्ण खान निवासी खड़क मंगोली, पंचकूला, उम्र करीब 29 वर्ष को काबू किया गया। आरोपी के कब्जे से शिकायतकर्ता की चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद की गई।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार, आरोपी से कुल 12 मोटरसाइकिल और 1, स्कूटी सहित 13 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। आरोपी ने चोरी किए गए वाहनों को एक ही स्थान पर रखने के बजाय अलग-अलग लावारिस स्थानों, रेलवे लाइन, श्मशान घाट तथा घग्घर नदी के आसपास झाड़ियों में छिपाकर रखा हुआ था। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इन वाहनों को आगे बेचने की फिराक में था। बरामद किए गए वाहनों के संबंध में संबंधित थानों में दर्ज मामलों से रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है तथा कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद वाहनों को उनके वास्तविक मालिकों को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के अनुसार आरोपी कर्ण खान के खिलाफ पहले से चोरी के 8 मामले दर्ज हैं। आरोपी करीब ढाई माह पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था और इसके बाद दोबारा वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने लगा। आरोपी को आज कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत भेजा गया है।
पुलिस कमिश्नर ने आगे कहा कि पंचकूला पुलिस द्वारा वाहन चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए लगातार विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीमों द्वारा चोरी की वारदातों को सुलझाने के साथ-साथ आरोपियों की धरपकड़ और चोरी किए गए वाहनों की बरामदगी पर विशेष फोकस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चोरी के मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और बरामद वाहनों को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके वास्तविक मालिकों को वापस दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।