अवैध बजरी पर पुलिस का बड़ा शिकंजा: पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त, पांच मामले दर्ज
सवाई माधोपुर। जिले में अवैध बजरी खनन, परिवहन और निर्गमन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौथ का बरवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बनास बजरी से भरी पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक जयेष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह एवं वृत्ताधिकारी रामहेत जाट के सुपरविजन में थानाधिकारी अजीत कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर त्रिलोकपुरा व छाणोली क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान बनास नदी क्षेत्र से अवैध बजरी का परिवहन कर रही पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस वाहन मालिकों और चालकों की तलाश में जुटी है। मामले में बीएनएस की धारा
तहत पांच मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।