जंगल में चल रहा था जुए का अड्डा, पुलिस ने मारी छापेमारी; दो गिरफ्तार, 31,700 रुपये नकद बरामद
मरकच्चो। अवैध जुआ, सट्टेबाजी और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ कोडरमा पुलिस के विशेष अभियान के तहत मरकच्चो थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर हरलाडीह स्थित जंगल में चल रहे कथित जुए के अड्डे पर छापेमारी की गई। पुलिस की कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जुआ खेल रहे व खेलवा रहे लोग भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सुरज कुमार (33), निवासी पारबोतिया, रामगढ़, वर्तमान पता मोदी मोहल्ला, जयनगर तथा सिकेन्द्र कुमार (29), निवासी डुमरडीहा, मरकच्चो शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 31,700 रुपये नकद, 119 खुले ताश के पत्ते, दो सीलबंद ताश के बंडल, एक प्लास्टिक का तिरपाल समेत एक क्रेटा कार और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। पुलिस ने बताया कि वाहनों का इस्तेमाल जुआ खेलने के लिए मौके पर आने वाले लोगों द्वारा किया जा रहा था।
कार्रवाई के संबंध में मरकच्चो थाना कांड संख्या 61/26, दिनांक 30 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
छापेमारी टीम का नेतृत्व मरकच्चो थाना प्रभारी पु०अ०नि० बमबम कुमार ने किया। टीम में पु०अ०नि० नफिस अहमद तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।