डस्ट प्रदूषण को लेकर डीवीसी को नगर परिषद ने भेजा नोटिस, 15 दिनों में समाधान का अल्टीमेटम
झुमरी तिलैया। झुमरी तिलैया शहर में बढ़ते धूल (डस्ट) प्रदूषण को लेकर नगर परिषद ने डीवीसी कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन प्रबंधन को पत्र भेजकर तत्काल उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। नगर परिषद अध्यक्ष रमेश हर्षधर ने पत्र के माध्यम से डीवीसी के ऐश पोंड से उड़ने वाली राख से शहर में बढ़ रहे प्रदूषण पर चिंता जताई है।
पत्र में कहा गया है कि ऐश पोंड से उड़ने वाली राख के कारण झुमरी तिलैया शहर का वातावरण प्रभावित हो रहा है। डस्ट वेस्ट में नाइट्रोजन और कार्बन डाइऑक्साइड जैसी गैसों की मात्रा का उल्लेख करते हुए पत्र में कहा गया है कि इससे लोगों में सांस संबंधी परेशानी बढ़ रही है तथा नगरवासियों में सिरदर्द की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
नगर परिषद अध्यक्ष ने डीवीसी प्रबंधन से बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए शीघ्र उचित उपाय करने को कहा है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो डीवीसी द्वारा संचालित सभी गाड़ियों का झुमरी तिलैया शहर में प्रवेश प्रतिबंधित (प्रतिबंधित) कर दिया जाएगा।
नगर परिषद ने समस्या के समाधान के लिए डीवीसी को 15 दिनों का समय दिया है।