देवरिया: भटनी में चाकूबाजी के घायल किशोर की इलाज के दौरान मौ/त, आरोपी पहले ही हिरासत में
देवरिया, 5 अगस्त। भटनी थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना में घायल हुए 16 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी को पहले ही हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया था।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को सूचना मिली कि थाना भटनी क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी निवासी सागर वाल्मीकि (16 वर्ष) पुत्र रणजीत के पेट में दिलकुश पुत्र काशी प्रसाद, निवासी पुराना हतवा, थाना भटनी ने चाकू मार दिया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल आरोपी दिलकुश को हिरासत में ले लिया। घटना के संबंध में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
घायल सागर को पहले जिला अस्पताल, देवरिया ले जाया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए उसे जया मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, देवरिया लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
बाइट: क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल की इलाज के दौरान मृत्/यु होने के बाद पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा आगे की कार्रवाई विधिक प्रावधानों के अनुसार की जा रही है।