देवरिया पुलिस को मिला हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन, अब तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी सख्त निगरानी
#देवरिया। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए देवरिया पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के प्रयासों से यातायात निदेशालय, उत्तर प्रदेश ने देवरिया पुलिस को अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन उपलब्ध कराया है।
यह हाईटेक वाहन आधुनिक तकनीक से लैस है, जिससे यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी निगरानी रखी जाएगी। वाहन में लगी स्पीड राडार गन और हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों की गति का सटीक मापन करेंगे। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा वाहन में ब्रेथ एनालाइजर भी लगाया गया है, जिससे शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की जाएगी। वहीं, लाउडस्पीकर और एलईडी डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लगातार जागरूक किया जाएगा।
एसपी अभिजित आर. शंकर ने कहा कि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इंटरसेप्टर वाहन के संचालन से यातायात प्रवर्तन और अधिक तकनीकी एवं प्रभावी होगा।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही शराब पीकर वाहन न चलाएं और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें।
#Deoria #DeoriaPolice #TrafficPolice #RoadSafety #UPPolice #AbhijitRShankar #DeoriaPost #BreakingNews