👉#श्रीकृष्ण की छठी पर गूंजे जयकारे, कढ़ी-चावल का लगा भोग
--#लाला तेली बजरिया के प्राचीन शिव बड़ा मंदिर में महिलाओं ने गाए मंगलगीत, श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद
शाहजहांपुर।भगवान श्रीकृष्ण की छठी का पर्व बुधवार को शहर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया। शाम को भगवान श्रीकृष्ण का विधि-विधान से पूजन, अभिषेक और आरती कर कढ़ी-चावल का भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर परिसर में देर तक ‘जय कन्हैया लाल की, हाथी घोड़ा पालकी’ के जयकारे गूंजते रहे।शहर के लाला तेली बजरिया स्थित प्राचीन शिव बड़ा मंदिर में श्रीकृष्ण की छठी के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। मंदिर को फूलों और बिजली की झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पूरे दिन मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम चलते रहे।शाम करीब छह बजे पुजारी पंडित सुरेश चंद मिश्रा ने भगवान श्रीकृष्ण का गंगाजल से अभिषेक कराया। इसके बाद भगवान को सुंदर एवं नवीन वस्त्र धारण कराए गए। महिलाओं ने ढोलक की थाप पर मंगलगीत और भजन गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भगवान श्रीकृष्ण की आरती के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के जयकारों से गूंज उठा।पूजन-अर्चन के बाद भगवान श्रीकृष्ण को कढ़ी-चावल का विशेष भोग लगाया गया। भोग के बाद प्रसाद का वितरण शुरू हुआ। कढ़ी-चावल का प्रसाद पाने के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुष श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
आयोजकों ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की छठी का पर्व भक्तों के लिए विशेष महत्व रखता है। इस अवसर पर भगवान को भोग अर्पित कर प्रसाद वितरण किया गया और सुख-समृद्धि की कामना की गई।आयोजन में कांति पांडे, प्रेमवती मिश्रा, पूनम सक्सेना, नेहा मिश्रा, देवासी मिश्रा, कामिनी पांडे, सुनीता पाठक, हेमलता सक्सेना, रूबी सक्सेना, नीतू पाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का सहयोग रहा। मंदिर के पुजारी पंडित सुरेश चंद मिश्रा, मोनू मिश्रा और देव मिश्रा सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Sep 9, 2026