पत्नी और ससुरालीजनों से परेशान पुजारी के बेटे ने दी जान
सुसाइड नोट में लिखा : पत्नी और ससुरालाइनों की प्रताड़ना से परेशान होकर उठाया कदम
हरदोई। कोतवाली बेनीगंज क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णानगर में सोमवार सुबह एक युवक ने अपने घर में साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले उसने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। युवक का शव सुबह करीब 7:30 बजे लटका मिला। युवक के पिता प्रमोद मिश्रा बुलंदशहर के एक मंदिर में पुजारी हैं।
28 वर्षीय श्यामू मिश्र उर्फ अनुपम मिश्र के रूप में हुई है, जो बेनीगंज की एक आटा मिल में मुनीम के रूप में काम करते थे और अपनी मां माधुरी के साथ रहते थे। 7 वर्ष पूर्व उनका विवाह सोनी के साथ हुआ था, जिनसे उनके दो बच्चे हैं। भाई सर्वेश के मुताबिक, मृतक की पत्नी पिछले छह महीने से अपने मायके, ग्राम माहूपारा (थाना अतरौली) में रह रही थी। करीब एक महीने पहले पत्नी अपने पिता, भाई और भतीजे के साथ बेनीगंज आई थी और घर पर श्यामू के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद से वह अत्यधिक तनाव में थे। श्यामू की एक-तीन साल की बेटी अन्नू और एक डेढ़ माह की बेटी है। श्यामू की मां माधुरी शव देखकर बदहवास हो गईं।
सोमवार की सुबह जब श्यामू ने यह खौफनाक कदम उठाया, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को मौके से श्यामू की पेंट से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें मृतक ने अपनी पत्नी सोनी, ससुर लक्ष्मीकांत पांडे, साले राजन पांडे और साले के लड़के हर्षित पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
कोतवाल अतुल सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरा गया है। बरामद सुसाइड नोट को आधार बनाकर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सुसाइड नोट, परिजनों के शिकायती पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Hardoi, Hardoi | Oct 20, 2026