युवाओं की मेहनत रंग लाई, महेवा बस स्टैंड रोड पर मरम्मत कार्य शुरू
शाहनगर। ग्राम महेवा में बस स्टैंड की जर्जर सड़क को लेकर युवाओं द्वारा किए गए धरना प्रदर्शन का असर अब दिखाई देने लगा है। प्रशासन के आश्वासन के बाद सड़क पर मरम्मत कार्य शुरू हो गया है। काम शुरू होने से स्थानीय युवाओं, दुकानदारों और राहगीरों में राहत का माहौल है।
गौरतलब है कि विगत दिनों समाजसेवी राकेश पटेल सरसी के नेतृत्व में क्षेत्र के युवाओं ने महेवा बस स्टैंड की बदहाल सड़क को लेकर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया था। युवाओं ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की थी।
धरना स्थल पर पहुंचे नायब तहसीलदार सुंदर लाल वर्मा ने युवाओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सात दिवस के भीतर सड़क पर कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया था। आश्वासन के बाद युवाओं ने अपना धरना समाप्त कर दिया था।
अब निर्धारित समय के भीतर सड़क पर मरम्मत कार्य शुरू होने से युवाओं की मांग पूरी होती नजर आ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से सड़क खराब होने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई थी।
मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन का आभार जताया है। साथ ही उम्मीद जताई है कि सड़क का काम गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द पूरा होगा, ताकि महेवा बस स्टैंड आने-जाने वाले लोगों को स्थायी राहत मिल सके।
#Fotooftheday
#fecebookpost
#foto