वैशाली: कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पर युवक की हत्या, घटनास्थल पर पहुंचे एसपी शुभांक मिश्रा
वैशाली जिले के रुस्तमपुर थाना अंतर्गत कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन ओवरब्रिज पर पिलर संख्या 32 के समीप अपराधियों ने बिदुपुर निवासी अंशुमान कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के दौरान वाहन पर साथ में मौजूद रौशन कुमार गिरकर घायल हो गए, जिनका उपचार चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा खुद घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का बारीकी से निरीक्षण कर जानकारी ली। घटनास्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम बुलाई गई, जिसने जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ और जिला आसूचना इकाई के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर दी गई है। पुलिस टीम सिक्स लेन ओवरब्रिज के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ-साथ तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
Bihar, India | Aug 19, 2026