ऑनलाइन मंगाए केक पर मिली फफूंद, चिकित्सक ने किया सावधान
- एक्सपायरी नवंबर में, फिर भी केक पर दिखी फफूंद की परत; खाद्य पदार्थ लेने से पहले जांच की अपील
सिरसा। सचिन स्याल।
ऑनलाइन मंगाए गए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर लोगों को सावधान करने वाला मामला सामने आया है। सिविल अस्पताल में सोनोलॉजिस्ट डॉ. रेनू बंसल ने बताया कि उन्होंने बच्चों के लिए ऑनलाइन केक मंगवाया, लेकिन डिलीवरी के बाद केक खोलने पर उसके ऊपर फफूंद की परत दिखाई दी। उन्होंने इसकी तस्वीर और वीडियो साझा करते हुए लोगों को ऑनलाइन खाद्य पदार्थ मंगवाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। डॉ. रेनू बंसल के अनुसार केक के डिब्बे पर 16 नवंबर 2026 तक की उपयोग अवधि दर्ज है, लेकिन इसके बावजूद केक की ऊपरी सतह पर फफूंद साफ दिखाई दे रही थी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में केवल डिब्बे पर लिखी तारीख देखकर खाद्य पदार्थ को सुरक्षित मान लेना उचित नहीं है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि ऑनलाइन या बाजार से कोई भी खाद्य पदार्थ खरीदने के बाद उसका पैकेट, उपयोग अवधि, पैकिंग की स्थिति और खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता जरूर जांचें। यदि रंग, गंध, स्वाद या सतह में किसी तरह का असामान्य बदलाव दिखाई दे तो उसका सेवन न करें। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता जांचना और अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। विशेष रूप से बच्चों को देने से पहले खाद्य पदार्थ की अच्छी तरह जांच कर लेनी चाहिए।
Sirsa, Sirsa | Sep 19, 2026