किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी: ₹131.54 करोड़ की सिंचाई परियोजना को मिली रफ्तार, 2059 हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित
औरंगाबाद | जिले के हजारों किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित बिशुनपुर उपवितरणी सिंचाई परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में जिला प्रशासन ने तेजी से कदम बढ़ा दिए हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने परियोजना स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि यह योजना नवीनगर और बारूण प्रखंड के किसानों की जीवनरेखा साबित होगी। इसलिए निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने पम्प वेल का डीपीआर शीघ्र तैयार करने तथा सभी औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत सोन नदी के इन्द्रपुरी बराज के अपस्ट्रीम से 51 क्यूसेक पानी उठाकर विष्णुपुर उपवितरणी में प्रवाहित किया जाएगा, जिससे 2059 हेक्टेयर असिंचित कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
गौरतलब है कि वर्ष 2011 में एनटीपीसी परियोजना निर्माण के बाद विशुनपुर उपवितरणी का एक हिस्सा प्रभावित हो गया था, जिससे क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था बाधित हो गई थी। अब इस नई योजना से किसानों को फिर से पर्याप्त पानी मिल सकेगा।
₹131.54 करोड़ की लागत से बनने वाली इस परियोजना को जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के पूरा होने पर नरारीकला, बेनीबिगहा, रसना, तेंदुआ, विष्णुपुर, बाढ़ा, सहसपुर, दरियाबाद, महदी, अम्बा, लखेपुर, जंगीबिगहा, सदूरी समेत दर्जनों गांवों के किसानों को वर्षभर सिंचाई सुविधा मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार, उत्तर कोयल नहर प्रमंडल के एसडीओ एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#Aurangabad #Nabinagar #Barun #IrrigationProject #BishunpurSubDistributary #AbhilashaSharma #SonRiver #FarmerNews #Agriculture #BiharNews #AurangabadNews #BreakingNews #BharatCrimeLive #Huch #huchnews