रूद्रपुर 15 अगस्त, 2026 (सू.वि.)- जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व धूमधाम व हर्षाेल्लास से मनाया गया। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने ध्वजारोहण किया, जबकि विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संविधान व जल संचय एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई। इसके उपरांत जिलाधिकारी व अधिकारियों ने शहीदे आजम उधम सिंह की प्रतिमा पर फूल माला अर्पित कर श्रंद्धाजलि दी।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व उनके परिजनों को फूलमाला व अंगवस्त्र भेटकर सम्मानित किया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व परिजन अमरजीत सिंह, इन्द्रासन यादव, आदन्द मणि रतूड़ी, प्रकाश, हरवंश सिंह, परमेश्वर, कमलेश त्रिपाठी, वर्मानंद, सुमन, श्रवण कुमार व वीर माता लक्ष्मी देवी, वीर नारी मंजू रावत को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व बलिदानियों को नमन करते हुए कहा हमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की परिकल्पनाओं को साकार करना है व देश समाज के विकास में अपनी पूर्ण सहभागिता निभानी होगी। गरीब तबके का विकास करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा हम सभी को अपने दायित्वों को बखूबी निर्वहन करते हुए देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी तभी वीरों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने देश की स्वतंत्रता को अक्षुण बनाये रखने का सभी से आह्वान किया। उन्होने युवाओं से कहा कि अपना लक्ष्य निर्धारित करते हुए जीवन में आगे बढ़े व समाज में रोल माॅडल बने तथा समाज निर्माण में अपनी भूमिका निभाये। उन्होने कहा कि स्वतन्त्रता संग्राम सेनाननियों व राज्य अन्दोलनकारियों पर पुस्तिका का प्रकाशन किया जायेगा ताकि युवा पीड़ी उनके योगदान को जान सकें। उन्होने आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण, खाद्य संरक्षण जैसे कार्यो की हम सबकी जिम्मेदारी है, इसके लिए हम सभी को आगे आना होगा। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से जनपद उधमसिंह नगर देश में अग्रणी रहकर नई उचाईयों को छू रहा है।
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी सुभाष, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, त्रिलोकी ने भी स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान के वजह से ही आज हम यहा स्वतंत्र होकर सांस ले रहे है।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में खेल विभाग द्वारा प्रातः क्रांस कन्ट्री ओपन रेस का आयोजन किया गया। जिसका जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। क्रांस कन्ट्री दौड़ बालक वर्ग में पुष्कर चन्द्र प्रथम, केवल चम्याल द्वितीय व अमित कुमार तृतीय स्थान पर रहे। इसी तरह ओपन बालिका वर्ग में खुशी गोस्वामी प्रथम, गुंजन द्वितीय व गुरप्रीत कौर तृतीय स्थान पर रही, इनके साथ ही कई नन्हे बच्चों को भी जिलाधिकारी ने ट्राफी व ट्रेकसूट देकर पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, हेम पाण्डे ने देश भक्ति गीत गाया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, एसडीएम मनीष बिष्ट, ओसी हिमांशु कफल्टिया, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत मौर्य, संयुक्त निदेशक विधि डीएस जंगपांगी, सहित अनेक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन व अधिकारी तथा कलेक्ट्रेट कर्मचारी उपस्थित थे।