अतिरिक्त जिला कलक्टर ने किया पीलीबंगा में शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लेकर दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
L.b. Bhakhar #Lalbahadurbhakharjournalist
पीलीबंगा हनुमानगढ़:- #लालबहादुर_भाखर:- राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगरपालिका पीलीबंगा में आयोजित शहरी सेवा शिविर का गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर रामरतन सौंनकरिया ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉलों का बारीकी से अवलोकन किया और आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं की जमीनी हकीकत जानी।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले हर नागरिक की समस्या का प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और कोई भी इससे वंचित नहीं रहना चाहिए। शिविरों का मुख्य उद्देश्य जनता को एक ही छत के नीचे सभी विभागों की सेवाएं सुलभ कराना है इसलिए इसके प्रभावी संचालन में कोई कोताही नहीं बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में अब तक प्राप्त हुए आवेदनों उनके निस्तारण की वर्तमान प्रगति और लंबित पड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा भी की। उन्होंने जनहित से जुड़े प्रकरणों का तुरंत निपटारा कर आम जनता को राहत देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने शिविर स्थल पर सफाई व्यवस्था शुद्ध पेयजल बैठने की उत्तम व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया।
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी नरेंद्र चौधरी ने अतिरिक्त जिला कलक्टर को शिविर के तहत किए जा रहे कार्यों और विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए लाभार्थियों के आंकड़ों की पूरी जानकारी दी। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी उमा मित्तल सहित विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
पत्रकार लालबहादुर भाखर संवाददाता
9875131305
7014718676📞📞☎️☎️✅✅