शिकायत मिलते ही खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध रेत परिवहन का रास्ता फिर कराया बंद
सिंगरौली। जिले के वलियरी क्षेत्र में एक बार फिर अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन की शिकायत मिलने पर खनिज विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए रास्ता बंद करा दिया। कार्रवाई के दौरान कोतवाली पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर गौरव वैनल के निर्देशन में खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम गठित कर वलियरी क्षेत्र भेजी। टीम ने जेसीबी की सहायता से उस मार्ग को पुनः अवरुद्ध कर दिया, जिसका उपयोग अवैध रेत परिवहन के लिए किए जाने की शिकायत मिल रही थी। साथ ही मौके पर मौजूद रेत के स्टॉक को भी निष्क्रिय कर दिया गया, ताकि उसका अवैध परिवहन न हो सके।
खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल ने बताया कि जब विभागीय टीम मौके पर पहुंची, उस समय वहां कोई ट्रैक्टर या रेत का अवैध परिवहन करते हुए नहीं मिला। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति अवैध रेत उत्खनन या परिवहन करते हुए पकड़ा जाता है तो उसके विरुद्ध खनिज नियमों के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। विभाग की इस कार्रवाई से चोरी-छिपे रेत के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।