नर्मदा सेनानी रामप्रताप को नमन, शोकाकुल परिवार से मिले उपमुख्यमंत्री
सतना। नर्मदा जल को विंध्य की धरती तक पहुंचाने के लिए लंबा संघर्ष करने वाले नागौद के पूर्व विधायक एवं नर्मदा सेनानी स्व. रामप्रताप सिंह को श्रद्धांजलि देने सोमवार को उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल धवारी स्थित पतौरा हाउस पहुंचे। उन्होंने स्व. सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उपमुख्यमंत्री ने स्व. रामप्रताप सिंह के पुत्र एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गगनेन्द्र सिंह से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों से भी मिलकर स्व. सिंह के निधन को क्षेत्र के लिए
अपूरणीय क्षति बताया। करीब दो दशक तक नर्मदा जल के लिए चले आंदोलन से जुड़े रहे रामप्रताप सिंह ने विंध्य में नर्मदा का पानी लाने की मांग को लगातार प्रमुखता से उठाया। उनका यह संघर्ष उनके सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी पहचान बन गया था। इसके बाद उपमुख्यमंत्री
राजेंद्र शुक्ल पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने नरेंद्र त्रिपाठी के दिवंगत भाई सुरेंद्र त्रिपाठी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं साझा कीं।
इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी 'पालन', विजय तिवारी, समाजसेवी उमेश चतुर्वेदी 'लालन', सुरेश प्रताप सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री के दोनों शोक-संवेदना कार्यक्रमों में क्षेत्र के राजनीतिक एवं सामाजिक लोगों की मौजूदगी रही।