नहर में नहाते समय पैर फिसलने से तीन लड़कियां नहर में डूबी, दो को सुरक्षित निकाला, एक लड़की डूबी, एनडीआरएफ की टीम द्वारा सघन तलाश जारी
कछौना(हरदोई): वर्तमान समय में खरीफ की फसल धान की रोपाई चल रही है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को ग्राम समसपुर के बच्चे खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। उसके बाद हाथ पैर धोने के लिए शारदा नहर की पटरी पर आए अचानक पैर फिसलने से तीन लड़कियां डूबने लगी जिसमें स्थानीय युवक ने दो बेटियों को बचा लिया। एक बेटी तेज बहाव के कारण डूब गई। सूचना मिलने पर परिजन घटना स्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की सूचना पीआरवी 112, फायर ब्रिगेड, कछौना पुलिस, तहसील प्रशासन, तथा जिला प्रशासन को दी है। मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम डूबी हुई लड़की की सघन तलाश करने में लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार समसपुर निवासी कन्हैयालाल की बेटियां खेत में धान की रोपाई कर रही थी। तीन बेटियां, शिवांशी उम्र 12 वर्ष, शिवानी उम्र 14 वर्ष, नैंसी पुत्री मनोज उम्र 13 वर्ष, अन्य बच्चों के साथ नहर में हाथ पैर धोने लगी पैर फिसलने से तीनों लड़कियां डूबने लगी। चीख पुकार सुनकर पड़ोस में जानवर चरा रहे सुनील राठौर ने नहर मे कूदकर दो बेटियों को सकुशल डूबने से बचा लिया जबकि शिवांशी को नहीं बचा सका। वह गहराई में डूब गई। पानी का बहाव काफी तेज था। स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी। इस घटना की सूचना पर परिजन बदहवास हो गए तथा परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने इमरजेंसी 112, पुलिस प्रशासन, फायर ब्रिगेड, तहसील प्रशासन, जिला प्रशासन, जन प्रतिनिधियों को सूचना दी। घटना की सूचना पर 112 पुलिस प्रशासन, प्रभारी अमित सिंह की टीम फायर ब्रिगेड संडीला प्रभारी फायर स्टेशन भंवर सिंह, की टीम, तहसील प्रशासन, नायब तहसीलदार संतोष श्रीवास्तव, घटना स्थल पर पहुंचकर शव की खोज में जुटे हुए हैं। स्थानीय तैराक लोगों की मदद ली गई परंतु आपदा प्रबंधन के शिथिल कार्य शैली के कारण काफी मशक्कत के बाद भी प्रशिक्षित गोताखोर की टीम नहीं पहुंच सकी। नहर में पानी का बहाव काफी तेज है। स्थानीय लोगों ने पानी बंद करने व आगे रेगुलेटर में जाल डलवाने की प्रशासन से मांग की। जिससे लड़की का शव मिल सके। प्रशासन की लाख हिदायत के बाद भी अभिभावकों की अनदेखी के चलते नहरों में युवा, बच्चे, नहाते रहते हैं। अक्सर डबल नहर महरी, समसपुर पुल, कलौली पुल पर नहाते रहते हैं। जिससे इस तरह की अनहोनी घटनाएं घट जाती हैं। समाचार लिखे जाने तक शिवांशी का शव नहीं मिल सका। ग्रामप्रधान अनूप कुमार उर्फ मटरू प्रशासन के साथ लगातार लड़की की खोज में सहयोग कर रहे हैं।
Sadar, Lucknow | Jul 10, 2026