नेताजी सुभाष स्टेडियम के इनडोर ग्राउंड में फंसे दो राष्ट्रीय पक्षियों (मोर) के लिए वरदान बनी डायल 112 सेवा, ईआरवी-503 की टीम ने सुरक्षित किया रेस्क्यू।
Aonenews अरविन्द बक्शी
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पलवल पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी पूर्ण संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
इसी कड़ी में बीती शाम के समय डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई कि स्थानीय नेताजी सुभाष स्टेडियम के इनडोर ग्राउंड में दो राष्ट्रीय पक्षी (मोर) किसी कारणवश फंस गए हैं। सूचना मिलते ही ईआरवी (ERV-503) की टीम तत्काल प्रभाव से मौके पर पहुंची।
मौके पर तैनात ईआरवी-503 की टीम, जिसमें इंचार्ज ईएचसी अजीत, ड्राइवर सिपाही अमित, सिपाही रिंकू और एसपीओ राजकुमार शामिल थे, ने स्थिति का जायजा लिया। इनडोर ग्राउंड की ऊंचाई और बंद बनावट के कारण पक्षियों को बाहर निकालना काफी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन पुलिस टीम ने सूझबूझ, धैर्य और कड़ी मेहनत का परिचय देते हुए बिना किसी नुकसान के दोनों मोरों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
रेस्क्यू किए जाने के बाद दोनों पक्षियों को सुरक्षित रूप से खुले प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया। पलवल पुलिस की इस त्वरित, संवेदनशील और मानवीय कार्यवाही की स्थानीय नागरिकों द्वारा प्रशंसा की जा रही है।
Faridabad, Faridabad | Nov 17, 2026