*बिलासपुर पुलिस की बड़ी सफलता: 28 घंटे में जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी गिरफ्तार*
दिनांक 08-07-26 समय करीब 10 बजे सुबह पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि मंडी भराड़ी के समीप सनी गिल नामक व्यक्ति पर दो व्यक्तियों द्वारा जानलेवा हमला किया गया है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुँची तथा घायल को प्राथमिक उपचार के उपरांत अस्पताल भेजा गया। उक्त घटना के संबंध में पुलिस थाना सदर में अभियोग संख्या 167/26 दिनांक 08.07.2026 जेर धारा 126(2), 115(2), 352, 351(2), 109 BNS पंजीकृत कर मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विस्तृत जांच प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु पुलिस की विभिन्न विशेष टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों ने एक कार में आकर पीड़ित पर हमला किया तथा वारदात को अंजाम देने के बाद घटनास्थल से फरार हो गए।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए पूर्व नियोजित एवं सुनियोजित रणनीति तैयार की थी। इस योजना के तहत उन्होंने लगातार वाहन बदलकर पुलिस की निगरानी एवं तकनीकी सर्विलांस से बचने का प्रयास किया। लगभग 24 घंटे की अवधि में आरोपियों ने कुल 8 अलग-अलग वाहनों का प्रयोग किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने मुख्य मार्गों के स्थान पर केवल संपर्क (लिंक) मार्गों का उपयोग किया ताकि सीसीटीवी कैमरों एवं पुलिस नाकों से बचा जा सके।
जाँच से यह भी ज्ञात हुआ है कि आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलते रहे तथा पुलिस की गिरफ्त से बचने के उद्देश्य से बरठीं एवं बंजार क्षेत्र के घने जंगलों में छिपे रहे। साथ ही, तकनीकी निगरानी से बचने के लिए उन्होंने अपने मोबाइल फोन भी बंद रखे।
इन सभी चुनौतियों के बावजूद बिलासपुर पुलिस की टीमों ने अथक प्रयास करते हुए सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया, डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक परीक्षण किया तथा अपने खुफिया तंत्र को सक्रिय किया। इन समन्वित प्रयासों के फलस्वरूप मात्र 28 घंटे के भीतर मुख्य आरोपियों
1. सौरभ पटियाल @ फांदी पुत्र श्री सुरेन्द्र सिंह निवासी गांव जाहड़ी, डाकघर नसवाल, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश, उम्र 32
2. कुलभुषण ठाकुर @ लक्की पुत्र श्री ज्ञान सिंह निवासी गांव तरेड़, डाकघर चान्दपुर, तहसील सदर, जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश, उम्र 35 साल।
को बंजार से गिरफ्तार किया गया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि निम्नलिखित तीन व्यक्तियों ने इस आपराधिक षड्यंत्र में सक्रिय भूमिका निभाई तथा आरोपियों को वाहन सहित अन्य आवश्यक लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराई
1. अनिल कुमार पुत्र श्री जगत राम, निवासी गांव एवं डाकघर बरठीं, तहसील झंडूता, जिला बिलासपुर (हि.प्र.), उम्र 40 साल जिसे आज 09-07-26 को गिरफ्तार किया गया
2. सुर्या चन्देल पुत्र श्री सुभाष चन्द निवासी गांव बैरी दड़ोलां, डाकघर बैहना जट्टां, तहसील झण्डुता, जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश, उम्र 35 साल जो उपरोक्त मुख्य आरोपियों के साथ ही भाग गया था और बंजार से आज 09-07-26 को गिरफ्तार किया गया।
3. धीरज धर्माणी पुत्र श्री प्यारे लाल धर्माणी, निवासी गांव करंगोड़ा, डाकघर बड़ी मझेरवां, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर (हि.प्र.), उम्र 42 साल जिसे कल 08-07-2026 को गिरफ्तार किया गया था।
दो मुख्य आरोपियों तथा सूर्या चंदेल को बिलासपुर लाया जा रहा है।
मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस इस घटना से जुड़े सभी तथ्यों, षड्यंत्र के उद्देश्य तथा अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Bilaspur Sadar, Bilaspur | Jul 9, 2026