उमरिया
------------
उमरिया। ग्राम लोढ़ा में एक युवक की कार से कुचलकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि लोढ़ा निवासी नीलेश यादव को कथित तौर पर हत्या की नीयत से कार से कुचल दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के दौरान मृतक के भाई संजय यादव ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और मौके से फरार हो गए। मृतक की मां और भाई ने घटना में शामिल आरोपियों को पहचानने की बात कही है।
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से आक्रोश बढ़ गया। इसके बाद ग्रामीणों ने मृतक का शव राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर रखकर चक्काजाम कर दिया।
ग्रामीणों की मांग है कि घटना में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए और मामले में सख्त कार्रवाई हो। सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किए जाने से मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ है। पुलिस और प्रशासन ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास कर रहे हैं।