नवादा: कहुआरा में झोपड़ी में लगी भीषण आग, हेडमास्टर पर लापरवाही का आरोप, पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कहुआरा गांव में स्कूल के बगल स्थित एक झोपड़ी में अचानक आग लग गई, जिससे गरीब परिवार का आशियाना पूरी तरह जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि इसी झोपड़ी से पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था, जिसके नष्ट हो जाने से वे पूरी तरह से बेसहारा हो गए हैं। पीड़ितों का आरोप है कि स्कूल के हेडमास्टर द्वारा कचड़ा जलाया गया था, जिसकी चिंगारी धीरे-धीरे फैलकर झोपड़ी तक पहुंच गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने के बाद आसपास के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।