कानपुर देहात के इकरामपुर खन तलैया गांव में बारिश के कारण एक मकान की कच्ची छत भरभराकर गिर गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय मकान में सो रहे एक ही परिवार के करीब सात लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने आनन-फानन में सभी को मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए डेरापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इनमें से तीन लोगों की हालत चिंताजनक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने हादसे की वजह जानने के लिए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।