शासकीय आईटीआई विदिशा के पासआउट प्रशिक्षणार्थियों के लिए उच्च कौशल, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की दिशा में पहल
..
शासकीय आईटीआई विदिशा में इस वर्ष शत-प्रतिशत प्रवेश के लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त करने के उपरांत अब संस्था से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके पासआउट प्रशिक्षणार्थियों के भविष्य को बेहतर अवसरों से जोड़ने की दिशा में कार्ययोजना प्रारंभ की गई है। प्रशिक्षणार्थियों की रुचि एवं योग्यता के अनुरूप उन्हें उच्च कौशल शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के विभिन्न अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इसी क्रम में कौशल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की दिशा में प्रथम पहल के रूप में संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल पार्क, भोपाल से उपसंचालक श्री आरके ऑस्टिन के प्रतिनिधित्व में प्रवेश टीम द्वारा संस्था के पासआउट प्रशिक्षणार्थियों को ग्लोबल स्किल पार्क में संचालित विभिन्न उन्नत कौशल पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही एक वर्षीय प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूर्ण करने के उपरांत उपलब्ध रोजगार एवं सफल ओवरसीज प्लेसमेंट के अवसरों से भी प्रशिक्षणार्थियों को अवगत कराया गया।
नोडल प्राचार्य सुश्री कविता रघुवंशी ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण प्रदान कर प्रमाण-पत्र देने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक प्रशिक्षणार्थी के कौशल, रुचि एवं क्षमता के अनुरूप उसके भविष्य की दिशा तय करने में सहयोग करना है। इसी उद्देश्य से पासआउट प्रशिक्षणार्थियों के लिए उच्च शिक्षा, उन्नत कौशल, रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप से जोड़ने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आईटीआई से प्रशिक्षित प्रत्येक युवा अपने कौशल के अनुरूप बेहतर एवं उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सके। #vidisha
39 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Sep 9, 2026