मुजफ्फरपुर में PK का NDA पर निशाना, बोले- हारेंगे BJP-JDU तो मोदी जी तक पहुंचेगी आवाज
शिक्षक-स्नातक संवाद में प्रशांत किशोर ने कहा- यह चुनाव सरकार बनाने या हटाने का नहीं, शिक्षा, रोजगार और शिक्षकों के सम्मान का है मुद्दा
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने मुजफ्फरपुर में शिक्षक-स्नातक संवाद के दौरान एनडीए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार रहेगी और तेजस्वी यादव विपक्ष के नेता बने रहेंगे, लेकिन यह चुनाव सरकार बनाने या हटाने का नहीं है। इस चुनाव के जरिए लोग अपने वोट से बनी व्यवस्था पर नकेल कस सकते हैं।
प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार के लोग अब जाति और धर्म से ऊपर उठकर शिक्षा और रोजगार की बात करना चाहते हैं। शिक्षकों को सम्मान और वेतनमान चाहिए, बाढ़ पीड़ितों को राहत चाहिए और युवाओं के साथ स्नातकों को रोजगार के अवसर चाहिए।
उन्होंने कहा कि अगर लोग अपने मुद्दों को लेकर भाजपा और जदयू को चुनाव में हराते हैं, तो इसकी आवाज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचेगी। इससे बिहार को उसका हक दिलाने की दिशा में दबाव बनेगा।
PK ने शिक्षक-स्नातक चुनाव को जनता के बुनियादी सवालों से जोड़ते हुए कहा कि मतदान के जरिए व्यवस्था को जवाबदेह बनाया जा सकता है। शिक्षा, रोजगार, शिक्षक सम्मान और बाढ़ पीड़ितों की राहत जैसे मुद्दों को प्राथमिकता देने की जरूरत है।