राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे पर नारी शक्ति का विरोध, लगे 'राहुल गांधी गो बैक' के नारे,'नारी शक्ति वंदना अधिनियम का विरोध किया था',राहुल गांधी के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन..
ब्यूरो रिपोर्ट/ हिंदुस्तान समाचार।।
उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया वहीं दूसरी ओर कुछ महिलाओं ने उनके खिलाफ प्रदर्शन करते हुए "राहुल गांधी गो बैक" के नारे लगाए। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि कांग्रेस ने नारी शक्ति वंदना अधिनियम को संसद में पारित नहीं होने दिया था, इसलिए आज उत्तराखंड की नारी शक्ति राहुल गांधी का विरोध कर रही है। महिलाओं ने कहा कि देश में महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की दिशा में बने इस कानून का कांग्रेस ने समर्थन नहीं किया और अब जनता सब जानती है। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और राहुल गांधी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर नजर बनाए रखी। राहुल गांधी के उत्तराखंड आगमन के दौरान हुए इस विरोध प्रदर्शन ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि वे महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद कर रही हैं। वहीं, कांग्रेस की ओर से इस विरोध पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।