*बस्ती: "माँ पर चार दिव्यांग बच्चों की जिम्मेदारी, सिर पर छत नहीं" खबर पर डीएम ने लिया त्वरित संज्ञान, परिवार को मिला आवास, राशन और पेंशन का सहारा*
जनपद बस्ती, 15 सितंबर 2026
12 सितंबर को प्रकाशित खबर "माँ पर चार दिव्यांग बच्चों की जिम्मेदारी, सिर पर छत भी नहीं, बस्ती में सरकारी मदद की आस में भटक रहा परिवार" का जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
प्रकरण रामकिशन पाण्डेय के परिवार से जुड़ा है। रामकिशन के चार बच्चे - अंकुर (18 वर्ष), विपिन (17 वर्ष), शिव कुमार (7 वर्ष) एवं सुमन (6 वर्ष) - चारों दिव्यांगता से ग्रसित हैं। परिवार के पास न जमीन थी, न अपना घर। खबर के बाद जिला प्रशासन ने जिला पूर्ति अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी एवं परियोजना अधिकारी डूडा से संयुक्त जांच कराई।
*जांच के बाद हुई कार्रवाई -*
*1. पूर्ति विभाग:* नगर पंचायत नगर बाजार निवासी श्रीमती गुड़िया देवी के पास आय प्रमाण पत्र व बैंक पासबुक नहीं थी। आधार लेकर आय प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन और बैंक खाता खुलवाने की प्रक्रिया कराई गई। तत्काल जनसहयोग से 45 किलो चावल व किराना का सामान दिया गया। आय प्रमाण पत्र जारी होते ही एक सप्ताह के अंदर अंत्योदय राशन कार्ड उपलब्ध करा दिया जाएगा। उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिया गया है।
*2. बेसिक शिक्षा विभाग:* तीन बच्चों का नामांकन उ0प्रा0वि0 नगर में कक्षा 7 में और सुमन का प्रा0वि0 रेहार में कक्षा 1 में कराया गया। सत्र 2024-25 में 3 बच्चों को एस्कॉर्ट अलाउंस के तहत 6000-6000 रुपये और विनीता को स्टाइपेंड के तहत 2000 रुपये DBT से भेजे गए व व्हीलचेयर दी गई। सत्र 2025-26 में अंकुर को 6000 रुपये एस्कॉर्ट अलाउंस और विनीता को 2000 रुपये स्टाइपेंड भेजा गया। सत्र 2026-27 में अंकुर के लिए एस्कॉर्ट अलाउंस की अनुशंसा की गई है। शिव कुमार व विपिन को स्पेशल एजुकेटर द्वारा होम बेस्ड एजुकेशन और फिजियोथेरेपिस्ट अजय पाण्डेय द्वारा फिजियोथेरेपी दी जा रही है। DBT के तहत 1200 रुपये ड्रेस, मोजा, जूता व बैग हेतु भी भेजे जाते हैं।
*3. दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग:* बच्चों को आवागमन के लिए एक व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई है। बड़े बेटे अंकुर को दिव्यांग पेंशन दिलाने के लिए अभिलेख पूरे कराए जा रहे हैं।
*4. स्वास्थ्य विभाग:* मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा विपिन कुमार एवं कुमारी सुमन को दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया है।
*5. डूडा विभाग:* परिवार की मुख्य समस्या आवास की थी, जिसका समाधान करते हुए कांशीराम आवास योजना के अंतर्गत आवास पॉकेट संख्या-01, ब्लॉक संख्या 36/423 आवंटित कर दिया गया है। परिवार को सुरक्षित एवं स्थायी आवासीय सुविधा मिल गई है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि पीड़ित परिवार की हर संभव मदद और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और माननीय मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त किया है।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 15, 2026