तपेश्वरनाथ मंदिर में गूंजा हर-हर महादेव, हुआ विशाल रुद्राभिषेक
शंखनाद और डमरू की धुन के बीच निकली जलाभिषेक शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने की पुष्पवर्षा
बरेली। पवित्र सावन पर्व के अवसर पर नाथ नगरी बरेली जलाभिषेक समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम के पांचवें चरण में सोमवार को तपोस्थली बाबा तपेश्वरनाथ मंदिर में मनोकामना पूर्ति के लिए विशाल रुद्राभिषेक एवं भव्य श्रृंगार किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और ओम नम: शिवाय के जयकारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम से पूर्व नाथ नगरी समिति के मनोज देवल के निर्देशन में श्यामगंज मंदिर में नाथ नगरी चालीसा और हनुमान चालीसा का पाठ कराया गया। इसके बाद श्रद्धालु अपने वाहनों पर नंदी ध्वज लगाकर, गले में गंगाजली और माथे पर केसरिया पट्टी बांधकर जलाभिषेक शोभायात्रा में शामिल हुए।
शोभायात्रा सुबह सात बजे श्यामगंज मंदिर से शुरू हुई। शंखध्वनि के साथ यात्रा कालीबाड़ी, पटेल चौक, चौपुला ब्रिज और सुभाषनगर होते हुए बाबा तपेश्वरनाथ मंदिर पहुंची। रास्ते भर भोले भंडारी के भजनों और शंखनाद से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने 'ओम नम: शिवाय', 'हर-हर महादेव' और 'बरेली नगरी, नाथ नगरी' के जयकारे लगाए। जगह-जगह लोगों ने घरों से निकलकर शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
कांवड़ सेवा संघ, बरेली विकास मंच, श्याम प्रेम मंडल, बाबा अलखनाथ महिला सेवा मंडल, बाजपेयी मिष्ठान भंडार और सुभाषनगर की ओर से भी शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
बाबा तपेश्वरनाथ मंदिर पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच आशुतोष शर्मा (भूतनाथ) ने रुद्राभिषेक और बाबा का श्रृंगार कराया। विशेष शंखनाद और डमरू वादन के साथ आरती की गई। बाबा का ऋतु के फूलों, फलों, चंदन और वस्त्रों से भव्य श्रृंगार किया गया। तपेश्वरनाथ सेवादल की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की गई।
समिति के मीडिया प्रभारी मनोज देवल ने बताया कि कार्यक्रम के छठे चरण में 17 अगस्त, सोमवार को बाबा बनखंडीनाथ मंदिर में विशाल सामूहिक रुद्राभिषेक किया जाएगा।
शोभायात्रा में ब्रजवासी लाल अग्रवाल, पवन कुमार सक्सेना (अध्यक्ष, उपजा प्रेस क्लब), संजीव अग्रवाल (विधायक), आशुतोष अग्रवाल, कपिल गुप्ता, दया अग्रवाल, मीरा देवल, मीना, राधिका शर्मा, सोनाली अग्रवाल, अनुप अग्रवाल, मनोज देवल, पंकज देवल, शोभित अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, रितेश अग्रवाल, धर्मेश अग्रवाल, धर्मार्थ सक्सेना, विवेक श्रीवास्तव, राकेश अग्रवाल, अनुराग शर्मा, लालमन दास, योगेश सक्सेना, अरविंद पांडेय, आशुतोष शर्मा, तुषार गुप्ता, संजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मनोज देवल
मीडिया प्रभारी, नाथ नगरी बरेली जलाभिषेक समिति
#Bareillynewslive