हवन से वातावरण और आत्मा होती है पवित्र: सुधांशु जी महाराज
@bareillylive : नियमित रूप से हवन करने से वातावरण के साथ-साथ घर और आत्मा भी पवित्र व निर्मल होती है। सनातन धर्मावलंबियों को प्रतिदिन घर में हवन करना चाहिए। यदि प्रतिदिन संभव न हो, तो सप्ताह में कम से कम एक बार हवन अवश्य करना चाहिए। यह बात परम पूज्य सुधांशु जी महाराज ने कही।
मनोहर भूषण इंटर कॉलेज के तत्वावधान में विश्व जागृति मिशन की ओर से आयोजित चार दिवसीय सत्संग के प्रथम सत्र में पांच कुंडीय हवन संपन्न हुआ। सत्संग के दौरान प्रतिदिन प्रथम सत्र में हवन आयोजित किया जा रहा है। हवन में श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर विश्व कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सुधांशु जी महाराज ने कहा कि हवन से वातावरण शुद्ध होता है और घर में सकारात्मकता आती है। उन्होंने कहा कि हवन में दी जाने वाली आहुतियों से अनेक प्रकार के विषाणुओं का नाश होता है, जिससे मनुष्य कई बीमारियों से सुरक्षित रह सकता है। उन्होंने लोगों से हवन को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
महाराज ने कहा कि भारतीय परंपरा में हवन का विशेष महत्व है। यह केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि मन और वातावरण को निर्मल बनाने का माध्यम भी है। नियमित हवन से परिवार में शांति और सद्भाव का वातावरण बनता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपनी परंपराओं का पालन करने और आने वाली पीढ़ी को भी इनके महत्व से परिचित कराने की अपील की।
कार्यक्रम में बरेली मंडल के प्रधान देवेंद्र खंडेलवाल, महामंत्री पवन अरोड़ा, संदीप मेहरा, संजय गर्ग, संजय पाठक, राजेश कटिहा, महेंद्र पाठक, राकेश गुप्ता, गीतेश गुप्ता, सविता अरोड़ा, ममता गर्ग, शांति बिष्ट, सुचित्रा गंगवार, रश्मि अग्रवाल, वंदना अग्रवाल, कृष्ण गांधी और मंजू गोयल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सत्संग के आगामी सत्रों में भी धार्मिक प्रवचन और हवन का आयोजन किया जाएगा।