मूसापानी में ट्रक दुर्घटना, एक युवक की मौत; SDRF, सेना और ITBP ने चलाया संयुक्त बचाव अभियान!!
चमोली जनपद के मूसापानी क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति सुरक्षित बच गया। दुर्घटना के बाद SDRF, पुलिस, भारतीय सेना तथा ITBP के जवानों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर ट्रक में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घास्तोली से खराब पड़ी थार वाहन संख्या UK07HH-7712 को ट्रक संख्या UP81CT-7683 के माध्यम से बद्रीनाथ लाया जा रहा था। इसी दौरान मूसापानी के समीप ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के समय वाहन में दो व्यक्ति सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF और पुलिस की टीम बद्रीनाथ धाम से तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहले से मौजूद भारतीय सेना एवं ITBP के जवानों के साथ मिलकर संयुक्त बचाव अभियान प्रारंभ किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दुर्घटना में मिंटू पुत्र जयवीर (21 वर्ष), निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। SDRF टीम ने उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार प्रदान करते हुए एंबुलेंस के माध्यम से बद्रीनाथ अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, दूसरे व्यक्ति जितेन्द्र (47 वर्ष), निवासी मथुरा, उत्तर प्रदेश सुरक्षित हैं और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
इस दुर्घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। विपरीत परिस्थितियों में SDRF, सेना और ITBP के जवानों द्वारा त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई कर राहत एवं बचाव कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।