ग्वालियर: CM से नहीं मिल पाईं घायल की पत्नी, काफिले के सामने सड़क पर लेटीं...
ग्वालियर में शीतला माता मंदिर हादसे के घायलों से मिलने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जयारोग्य अस्पताल पहुंचे, लेकिन उनके रवाना होते ही एक महिला ने विरोध जताया। घायल कुशल कुशवाहा की पत्नी मंजू कुशवाहा मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं होने और पति के इलाज के लिए मदद की गुहार न लगा पाने से नाराज होकर काफिले के सामने सड़क पर लेट गईं। कुशल के भाई राहुल के मुताबिक, 6 अक्टूबर को सड़क हादसे में कुशल गंभीर रूप से घायल हुए थे और उनकी एक टांग काटनी पड़ी। परिवार ने बताया कि 18 अक्टूबर को उन्हें भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया। वहीं, अन्य परिजनों ने भी मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान मरीजों से मुलाकात में रोक और ट्रॉमा सेंटर में पानी व सफाई की व्यवस्था पर सवाल उठाए।