हिमाचल की 10 बड़ी खबरें...
1. हिमाचल में बंद दवा कंपनियों पर NCB की नजर, सिंथेटिक नशा बनाने की आशंका
हिमाचल प्रदेश में बंद पड़ी फैक्ट्रियों और फार्मा इकाइयों में अवैध सिंथेटिक नशा तैयार किए जाने की आशंका को लेकर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने पुलिस को अलर्ट किया है। पुलिस को संदिग्ध परिसरों, गोदामों और दवा कंपनियों में औचक निरीक्षण कर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
2. कुल्लू में पुलिस टीम पर हमला, चरस समेत दो आरोपियों को छुड़ाया
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के जकरेहड़ में चरस बरामद करने पहुंची पुलिस टीम पर 30 से 40 लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया। आरोप है कि भीड़ दो आरोपियों और चरस को जबरन छुड़ा ले गई। पुलिस ने मौके से 508 ग्राम चरस बरामद की है और पंचायत प्रधान समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
3. कांगड़ा: करेरी झील का जलस्तर घटकर रह गया एक फीट, पर्यटकों की बढ़ी चिंता
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में धौलाधार की पहाड़ियों पर स्थित करेरी झील में पानी का स्तर काफी कम हो गया है। कम बारिश और रिसाव को इसकी संभावित वजह माना जा रहा है। वन विभाग ने झील को उसके प्राकृतिक स्वरूप में बनाए रखने की बात कही है।
4. धर्मशाला में वीकेंड पर बढ़ी पर्यटकों की चहल-पहल, दीपावली पर बेहतर बुकिंग की उम्मीद
कांगड़ा के धर्मशाला में वीकेंड पर पर्यटन कारोबार को रफ्तार मिली। रविवार को निजी होटलों में 40 फीसदी और एचपीटीडीसी के होटलों में करीब 60 फीसदी कमरे बुक रहे। अब पर्यटन कारोबारियों को दीपावली और दुर्गा पूजा की छुट्टियों के दौरान पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
5. शिमला के ब्यूलिया बाईपास पर कार से 6 ग्राम चिट्टा बरामद, युवक गिरफ्तार
शिमला में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ब्यूलिया बाईपास के पास एक कार की तलाशी ली, जहां अगली यात्री सीट के नीचे फुटमैट से करीब 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। मामले में चामियाणा निवासी 33 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
6. सोलन में मुस्लिम कारीगर बना रहे रावण के पुतले, दिया भाईचारे का संदेश
सोलन में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से आए मुस्लिम कारीगर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले तैयार कर रहे हैं। पिछले 35 से 40 वर्षों से इस काम से जुड़े कारीगर अपनी कला के जरिए हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी सद्भाव की मिसाल पेश कर रहे हैं।
7. हिमाचल से दिल्ली जाएगी कांग्रेस की 200 बसें, ‘वोट बचाओ’ रैली की तैयारियां तेज
कांग्रेस की 1 नवंबर को नई दिल्ली में होने वाली ‘वोट बचाओ’ रैली में हिमाचल प्रदेश से 200 बसों में कार्यकर्ता शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने केसी वेणुगोपाल के साथ बैठक कर रैली की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर चर्चा की
8. कांगड़ा में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 23.46 लाख की ठगी
हिमाचल के कांगड़ा जिले के फतेहपुर में साइबर ठगों ने सुप्रीम कोर्ट, ईडी और दिल्ली पुलिस के अधिकारी बनकर 63 वर्षीय बुजुर्ग को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने और संपत्ति जब्त करने का डर दिखाया। आरोपियों ने बुजुर्ग से 23.46 लाख रुपये ठग लिए। धर्मशाला साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है।
9. हिमाचल के गांवों से रोजगार और शिक्षा के लिए पलायन, फिर भी जड़ों से जुड़े लोग
हिमाचल प्रदेश के 9 गांवों के 486 परिवारों पर हुए अध्ययन में सामने आया है कि रोजगार के अवसरों की कमी और बेहतर शिक्षा की तलाश पलायन के प्रमुख कारण हैं। हालांकि, ज्यादातर लोग समय-समय पर अपने गांव लौटते हैं और परिवारों से जुड़े रहते हैं।
10. धर्मशाला में फर्जी दानदाता बनकर बौद्ध धार्मिक संस्थान से 6.58 लाख की ठगी
धर्मशाला के समीप एक बौद्ध धार्मिक संस्थान को पुराने दानदाता के नाम से मिलती-जुलती ईमेल भेजकर साइबर ठगों ने 6.58 लाख रुपये ठग लिए। शातिरों ने इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने का बहाना बनाकर छह कर्मचारियों से नौ बार में अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करवाई। मामले में पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Solan, Solan | Oct 20, 2026