10 महीने से फरार चोरी के आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार, दोनों पर 7500-7500 रुपए का इनाम
अजमेर। बांदरसिंदरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय बांदरसिंदरी कैंपस स्थित स्टाफ क्वार्टर्स में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले फरार आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पिछले करीब 10 महीने से फरार चल रहे थे और जिला स्तर के टॉप-10 सक्रिय वांछित अपराधियों की सूची में शामिल थे। पुलिस ने दोनों पर 7500-7500 रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस के अनुसार 19 नवंबर 2025 को केंद्रीय विश्वविद्यालय बांदरसिंदरी के सुरक्षा निरीक्षक ने थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 15 नवंबर की रात विश्वविद्यालय परिसर स्थित आवासीय क्वार्टर्स में चोरी की वारदात हुई, जिसमें सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के और नकदी चोरी कर ली गई थी। मामले में थाना बांदरसिंदरी में धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं मामले में फरार चल रहे विष्णाम पुत्र हनुमान, उम्र 40 वर्ष और उसकी पत्नी हंसा पत्नी विष्णाम, उम्र 31 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम गणेशपुरा, थाना बांदरसिंदरी, को अब गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में गठित टीम ने आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस गिरफ्त से बच रहे थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उनसे चोरी की वारदात और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी मामले दर्ज हैं और दोनों जिला स्तर के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल थे।
Ajmer Police Rajasthan
Ajmer, Ajmer | Sep 20, 2026