औचक निरीक्षण में छात्र संख्या कम मिलने पर सख्ती, शिक्षकों को गुणवत्ता सुधार, एजुकेशन पोर्टल 3.0 एवं अपार आईडी का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
--
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन में अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक (हायर सेकेंडरी) समग्र शिक्षा श्री रोहित शुक्ला ने शुक्रवार को निवाड़ी जिले के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लड़वारी एवं शासकीय हाई स्कूल, जुगयाई का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अपराह्न 2:30 बजे शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लड़वारी में समस्त विद्यालयीन स्टाफ उपस्थित मिला तथा कक्षाओं का संचालन नियमित रूप से पाया गया। हालांकि दो शिक्षक अवकाश पर थे, लेकिन उनके स्वीकृत अवकाश आवेदन प्राचार्य के पास उपलब्ध नहीं थे। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए प्राचार्य से स्पष्टीकरण मांगा गया तथा निर्देश दिए गए कि किसी भी शिक्षक को अवकाश स्वीकृत होने के बाद ही अवकाश पर जाने की अनुमति दी जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को नियमित उपस्थिति बढ़ाने, शिक्षण गुणवत्ता में सुधार करने तथा अभिभावकों से सतत संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर विद्यार्थियों का डेटा शीघ्र दर्ज करने तथा अपार आईडी (APAAR ID) का कार्य प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। इसके पश्चात शासकीय हाई स्कूल, जुगयाई का निरीक्षण किया गया। यहां सभी शिक्षक उपस्थित मिले तथा विद्यार्थी अपनी-अपनी कक्षाओं में अध्ययनरत पाए गए। निरीक्षण के दौरान कक्षाओं के संचालन, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण पद्धति एवं उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों की समीक्षा की गई तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सहायक जिला व्यावसायिक समन्वयक श्री विकास श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
Department of School Education, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh #inspection #JansamparkMP #niwari