गागरिया में अधूरी सीसी सड़कों के नाम पर 14.80 लाख रुपये उठाए, एक ही स्थल पर चार कार्य दिखाकर भुगतान, तीन दिन में पूर्ण दर्शाया निर्माण
रामसर। पंचायत समिति रामसर की ग्राम पंचायत गागरिया में अपूर्ण सीसी सड़कों के नाम पर सरकारी राशि उठाने का मामला सामने आया है। उपलब्ध सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार आजादपुरा गांव की गलियों और अलग-अलग पाड़ों में चार सीसी सड़क कार्यों को पूर्ण दर्शाकर कुल 14 लाख 80 हजार 900 रुपये की राशि उठा ली गई।
रिकॉर्ड में चारों कार्यों के लिए क्रमशः 4 लाख 82 हजार 700 रुपये, 4 लाख 39 हजार 500 रुपये, 3 लाख 40 हजार 700 रुपये और 2 लाख 18 हजार रुपये का भुगतान दर्शाया गया है। दस्तावेजों और मौके की स्थिति के अनुसार चारों अलग-अलग कार्यों के नाम पर राशि निकाली गई, लेकिन स्थल पर कोई सड़क निर्माण कार्य मौजूद नहीं है।
सरकारी रिकॉर्ड में इन कार्यों को स्वीकृति के महज तीन दिन के भीतर पूर्ण दर्शाया गया है। सबसे गंभीर बात यह है कि किसी भी कार्य में श्रमिकों के नाम पर मजदूरी राशि नहीं उठाई गई। इससे स्पष्ट सवाल खड़ा होता है कि बिना श्रमिकों के नाम दर्ज किए और बिना मजदूरी भुगतान के सड़क निर्माण कार्य किस तरह पूर्ण हो गया।
इन कार्यों से संबंधित तकनीकी प्रक्रिया में पंचायत समिति के सहायक अभियंता जुगता राम चौधरी का नाम दर्ज है। चौधरी शिक्षा विभाग से प्रतिनियुक्ति पर पंचायत समिति में कार्यरत हैं।
एक ही स्थल पर चार अपूर्ण सीसी सड़कों के नाम से लाखों रुपये का भुगतान, तीन दिन में कार्य पूर्ण दर्शाना और श्रमिकों के नाम पर कोई राशि नहीं उठाना, ग्राम पंचायत गागरिया में सरकारी धन के उपयोग और निर्माण कार्यों की प्रमाणिकता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
Barmer, Barmer | Aug 24, 2026