एक माह में 31 भैंस चोरी, कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश
एसपी को सौंपा ज्ञापन,
नामजद आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
सिंगरौली। जिले में लगातार हो रही भैंस चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक सिंगरौली को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक माह में उनके गांव से कुल 31 भैंसों की चोरी हो चुकी है, लेकिन शिकायत के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
ज्ञापन में गया प्रसाद गुर्जर, रामरक्षा वैश्य, हीराराम गुर्जर, अशोक कुमार वैश्य, भगवान दास वैश्य, पारसनाथ वैश्य, तेजबली वैश्य, तुलसी पनिका सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि भैंस चोरी की शिकायत गोभा पुलिस चौकी में की गई थी, लेकिन उन्हें रिपोर्ट की पावती तक नहीं दी गई। उनका कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों ने आवेदन में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के नाम भी दर्ज करते हुए आरोप लगाया है कि ये लोग भैंस चोरी कर उन्हें छत्तीसगढ़ के सरहदी क्षेत्रों में बेच देते हैं। उनका कहना है कि हर वर्ष गर्मी के मौसम में बाहरी लोग मवेशियों को चराने के बहाने क्षेत्र में आते हैं और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, चोरी गए मवेशियों की बरामदगी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।