चंदवारा पुलिस लाइन में मनाया गया पुलिस स्मृति दिवस, शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि
पुलिस लाइन, चंदवारा मे पुलिस स्मृति दिवस श्रद्धा, सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बुधवार सुबह 7:50 बजे पुलिस बैंड की धुन के बीच हुई। पुलिस अधीक्षक ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उपस्थित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया।
इस अवसर पर एसपी ने कहा कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सेना के हमले में सीआरपीएफ के 10 जवान शहीद हुए थे। उन्हीं की स्मृति में प्रत्येक वर्ष पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए 154 जवानों को नमन किया। कार्यक्रम में शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। मौके पर कई पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी और जवान मौजूद रहे।